
देहरादून(आरएनएस)। नितिन नवीन की अगुवाई में भाजपा ने आज नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। यूपी और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की नई टीम में कई नाम शामिल हैं। इसमें 8 राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव बनाए गए हैं। स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल और राम माधव जैसे दिग्गज भाजपाइयों को भी टीम में अहम जिम्मेदारी मिली है। 65 लोगों की टीम उत्तराखंड के चार बड़े नेताओं का नाम भी शामिल है। इनमें तीरथ सिंह रावत और अनिल बलूनी भी हैं। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही वे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं, जिन्हें भाजपा ने अपनी नई टीम में बरकरार रखा है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत जय पांडा और रेखा वर्मा को उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है।
भाजपा की नई टीम में उत्तराखंड भाजपा से कौन: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। दिग्गज भाजपाई अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं, आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।
भाजपा की नई टीम में 8 राष्ट्रीय महासचिव: पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को शामिल किया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को नई टीम में भी राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, बीएल संतोष भी राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: भाजपा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें राम माधव, लोकसभा सांसद डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत पांडा और रेखा वर्मा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
16 राष्ट्रीय सचिव: भाजपा ने विभिन्न राज्यों से 16 राष्ट्रीय सचिव भी नियुक्त किए हैं। नई टीम में कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह दी गई है।

