
हरिद्वार(आरएनएस)। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले की तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार छात्र-छात्राएं विस्तारित तिथि तक संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में दाखिला नहीं ले सके थे। उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में योग, कंप्यूटर, संस्कृत, पर्यावरण जागरूकता और व्यावहारिक अंग्रेजी विषयों में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को संबंधित विषयों का व्यावहारिक एवं आधारभूत ज्ञान दिया जाता है।विश्वविद्यालय में योग, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, कर्मकांड एवं पौरोहित्य तथा कंप्यूटर अनुप्रयोग आदि विषयों में स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। स्नातक स्तर पर शास्त्री तथा अन्य संबंधित पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर योग, पत्रकारिता, नव्यव्याकरण, संस्कृत साहित्य, दर्शनशास्त्र, इतिहास, एजुकेशन, हिंदी एवं भाषाविज्ञान, वेद (शुक्ल यजुर्वेद) और ज्योतिष सहित विभिन्न पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश कुमार ने बताया कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई है। प्रवेश संबंधी सूचना विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट पर भी जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि से पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें।

