
अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर ग्रामोत्थान रीप परियोजना के तहत शुक्रवार को पनुवानौला में संकल्प स्वायत्त सहकारिता की द्वितीय वार्षिक आमसभा (एजीएम) आयोजित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जनार्दन ओली ने किया। ब्लॉक इकाई के मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं वित्त सहायक गौरव पाठक तथा आजीविका समन्वयक एवं परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार बोरा ने ग्रामोत्थान रीप परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए महिलाओं को व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने और एकल उद्यमी के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता की सचिव नीलम आर्या ने की। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान एकल उद्यमी और अल्ट्रा पुअर श्रेणी के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए। आमसभा में करीब 180 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में रीप परियोजना के ब्लॉक एवं सहकारिता का स्टाफ भी उपस्थित रहा।
