
देहरादून(आरएनएस)। साइबर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में दून निवासी दो महिलाओं को 4.13 लाख रुपये का चूना लगा दिया। दोनों शिकायतों पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टर की अपाइंटमेंट के नाम पर 2.97 लाख उड़ाए: राजराजेश्वरी विहार, नत्थनपुर निवासी ममता देवी के अनुसार 27 जुलाई को उनके पति ने गूगल पर डॉ. रवि लाल का नंबर सर्च किया था। सर्च में मिला नंबर साइबर ठगों का था। परिवार उसे समझ नहीं पाया। कॉल करने पर शातिरों ने ऑनलाइन अपाइंटमेंट के बहाने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर उनके फोन में स्टाइल कराई। इसके बाद मोबाइल एक्सेस लेकर खाते से रकम 2.97 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
दूसरी घटना बद्रीपुर रोड, जोगीवाला चौक निवासी तन्नाज बख्शी के साथ हुई। सासत अगस्त को अज्ञात कॉलरों ने उन्हें मार्क्स एंड स्पेंसर का 5,000 रुपये का गिफ्ट कार्ड जीतने का झांसा दिया। शातिरों ने विश्वास जीतकर पहले शिपिंग शुल्क और राशि सुधार के नाम पर 1045.05 रुपये अपने यूपीआई खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद उन्होंने फोन पर ही पीड़िता को गूगल पे पर एक प्रोमो कोड डालने का झांसा दिया। बताए अनुसार प्रक्रिया पूरी करते ही पीड़िता के खाते से दो बार में कुल 1.15 कट गए। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि दोनों मामलों में साइबर ठगी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
