
देहरादून। उत्तराखंड में अगले दो दिनों के दौरान मौसम के तेवर और बिगड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली तथा 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अत्यंत तीव्र बारिश और गरज-चमक की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों और विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल यातायात सुचारु कराने के लिए आवश्यक संसाधन और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, गदेरों और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने तथा जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार न करने की सलाह दी। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम खराब होने पर यात्रा स्थगित करने की अपील की गई है।

