
बागेश्वर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.092 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपी चरस को बरेली ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान 6 अगस्त की शाम एसओजी टीम ने थाना कपकोट क्षेत्र के शामा बैंड तिराहे पर चेकिंग के दौरान स्कूटी संख्या यूके01 टीए 4544 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में स्कूटी सवार राहुल वर्मा और रोहित सिंह के कब्जे से 2.092 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल वर्मा (32) पुत्र ओम शंकर वर्मा, निवासी संजय नगर, थाना बारादरी, जिला बरेली तथा रोहित सिंह (28) पुत्र ओमकार सिंह, निवासी दुर्गानगर, थाना इज्जतनगर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कम कीमत पर चरस खरीदकर अधिक मुनाफे के लिए बरेली ले जाने की योजना बनाई थी। मामले में थाना कपकोट में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि चरस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।

