
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों की जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकार हितों, पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा समस्याओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सदस्यों के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्यों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए विभागवार पत्रकार सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी को सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विभागवार पत्रकार सम्मेलनों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पत्रकार उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने आश्वस्त किया कि पत्रकारों से संबंधित मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार जहां जमीनी हकीकत से प्रशासन को अवगत कराते हैं, वहीं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का भी अहम माध्यम हैं। उन्होंने जनहित के कार्यों में मीडिया के सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई। बैठक में स्थायी समिति के सदस्य प्रकाश पांडे, राजेंद्र सिंह रावत, सुरेश चंद्र तिवारी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र तथा जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह उपस्थित रहे।


