
चम्पावत(आरएनएस)। राज्य सरकार ने जिला मुख्यालय के गोरलचौड़ क्षेत्र के समग्र एवं एकीकृत विकास के लिए गोलज्यू कारिडोर योजना को 117.22 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा संचालित स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए वर्तमान में ₹10 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है, जिसके सापेक्ष 66 प्रतिशत की प्रथम किश्त के रूप में ₹6.60 करोड़ की धनराशि खेल निदेशालय को अवमुक्त कर दी गई है। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि आदर्श चम्पावत-विकसित चम्पावत की परिकल्पना के अनुरूप यह परियोजना जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी। इससे युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा जनपद की नई पहचान स्थापित होगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना से संबंधित सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता, पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ शीघ्र जनसामान्य एवं युवाओं तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि गोरलचौड़ की यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी, बल्कि चम्पावत को आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर जनपद के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध होगी।
