
अल्मोड़ा। नगर के चौघानपाटा स्थित पार्क व्यू रेस्टोरेंट में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एलपीजी गैस रिसाव के चलते अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते ही रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक, कर्मचारी और संचालक तत्काल बाहर निकल आए। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग लगते ही आसपास के लोगों ने पानी की बाल्टियों और फायर एक्सटिंग्विशरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों और भवनों तक आग नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।
फायर सर्विस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है। गैस रिसाव के बाद आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल कर्मियों ने मिनी फायर इंजन से पंपिंग कर होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का अभियान चलाया। इस दौरान दुकान के भीतर मौजूद जलते हुए एलपीजी सिलेंडरों को अत्यंत सावधानी और सूझबूझ के साथ ठंडा कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही लकड़ी की छत तक फैल रही आग पर भी समय रहते नियंत्रण कर उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।
फायर सर्विस की त्वरित और कुशल कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य दुकानों एवं भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे चौघानपाटा बाजार में संभावित बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


