
नई टिहरी(आरएनएस)। जौनपुर ब्लॉक के गरखेत में सार्वजनिक वाहनों के किराये को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच परिवहन विभाग ने बुधवार को बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी। बैठक में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कों पर संचालित जीप और टैक्सी चालक निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूल रहे हैं। कई बार अधिक किराया मांगने को लेकर चालक और यात्रियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
बैठक में स्थानीय लोगों ने कहा कि परिवहन विभाग की ओर से किराये बढ़ाए जाने का कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद कई वाहन चालक मनमाने ढंग से किराया वसूल रहे हैं। लोगों ने सार्वजनिक वाहनों में विभाग की ओर से स्वीकृत किराया सूची अनिवार्य रूप से चस्पा कराने की मांग की।
गरखेत व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय रावत ने बताया कि इस संबंध में पहले भी परिवहन विभाग को शिकायत भेजी जा चुकी है। तहसील दिवस में भी यह मुद्दा उठाया गया था। बैठक में उन्होंने विभाग को लिखित शिकायत एवं मांगपत्र सौंपकर अधिक किराया लेने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
परिवहन अधिकारी बृजमोहन रावत ने कहा कि वर्तमान में विभाग की ओर से किराये में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की गई है। यदि कोई वाहन संचालक निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलता पाया जाता है तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा सभी सार्वजनिक वाहनों में अधिकृत किराया सूची लगाने कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मसूरी कमांडर जीप यूनियन के अध्यक्ष चमन दास ने कहा कि हाल ही में किराया बढ़ोतरी से संबंधित पत्र उनकी यूनियन की ओर से जारी नहीं किया गया था। बैठक में नरेंद्र मियां, व्यापार मंडल सचिव सुशील, प्रधान सुरेंद्र रावत, अतुल गुसाईं, राजेंद्र रावत, कन्हया राणा, गुड़वीर पंवार, श्यामचंद सजवाण, विपिन सिंह, रोहन, मोनिका आदि मौजूद रहे।
