
देहरादून(आरएनएस)। आईएसबीटी के निकट स्थित एक होटल के ऑफिस का गल्ला तोड़कर हाउसकीपिंग कर्मचारी पर 1.50 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगा है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने होटल मालिक की तहरीर पर आरोपी कर्मचारी और उसे काम पर रखने वाली प्लेसमेंट एजेंसी के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि आईएसबीटी और बिग बाजार मॉल के पास स्थित होटल चंद्रा सेलिब्रेशन के मालिक चंचल गुप्ता ने तहरीर दी है। उनका कहना है कि उन्होंने करीब दो महीने पहले अर्थविल एजेंसी के मालिक सुजीत के भरोसे और आश्वासन पर नरेंद्र सिंह निवासी जहांगीरपुरी, उत्तर पश्चिम दिल्ली को हाउसकीपिंग के काम पर रखा था। बीती 16 जून को चंचल गुप्ता किसी निजी काम से बाहर गए हुए थे। आरोप है कि नरेंद्र ने शाम छह बजे व्हाट्सएप ग्रुप पर अपनी ड्यूटी खत्म होने की सूचना दी। लेकिन वह चोरी की नीयत से अगले दो घंटे तक होटल में ही छिपा रहा। रात करीब आठ बजे मौका पाकर उसने ऑफिस में घुसकर वहां रखे लकड़ी के गल्ले का ताला तोड़ा, उसमें मौजूद लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी की और फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर आरोपी 40 मिनट तक ऑफिस में चोरी करते हुए नजर आ रहा है। अगले दिन 17 जून की शाम जब होटल मालिक वापस लौटे तो उन्हें गल्ला टूटा मिला। घटना के बाद से आरोपी नरेंद्र का फोन लगातार बंद आ रहा है। एजेंसी मालिक सुजीत के भी कोई संतोषजनक जवाब न देने पर मामले में उसकी मिलीभगत की आशंका जताई गई है। इंस्पेक्टर गुसाईं ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
