
देहरादून। युवती उपचार के लिए दून अस्पताल आई थी। चिकित्सक को दिखाने के बाद वह दवा काउंटर पर आई। अन्य मरीजों के साथ वह दवाएं लेने के लिए कतार में खड़ी हो गई। तभी अस्पताल का एक सफाईकर्मी भी उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। इस दाैरान उसने छेड़छाड़ और अश्लीलता शुरू कर दी।
दून अस्पताल में उपचार के लिए आई एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। घटना में आरोपी कोई और नहीं बल्कि अस्पताल का सफाईकर्मी ही है। युवती के शोर मचाने पर सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी सफाईकर्मी को अस्पताल प्रबंधन ने निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दोपहर करीब दो बजे देहरादून निवासी एक युवती उपचार के लिए दून अस्पताल आई थी। चिकित्सक को दिखाने के बाद वह दवा काउंटर पर आई। अन्य मरीजों के साथ वह दवाएं लेने के लिए कतार में खड़ी हो गई। तभी अस्पताल का एक सफाईकर्मी भी उसके पीछे आकर खड़ा हो गया। इस दाैरान उसने छेड़छाड़ और अश्लीलता शुरू कर दी। युवती जब असहज हुई तो उसने शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया। वह अस्पताल के सफाईकर्मी की यूनिफार्म में था। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी के बारे में पता किया तो वह उपनल के माध्यम से तैनात सफाईकर्मी निकला। पीड़ित युवती और भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर दून चौकी पुलिस भी पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर दून चौकी लाया गया। दून चौकी पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। फिर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
