
अल्मोड़ा। श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब में आयोजित लोक कलाकारों की सर्वदलीय बैठक में प्रदेशभर के लोक कलाकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए सरकार से उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ रंगकर्मी त्रिभुवन गिरी ने की। इस अवसर पर हिमालय लोक कलाकार महासंघ के अध्यक्ष भैरव दत्त राय, सुंदर लटवाल, प्रकाश रावत, प्रकाश बिष्ट, प्रकाश भट्ट, डॉ. ललित जोशी ‘योगी’, बिमला बोरा और अनूप कुमार सहित अनेक वरिष्ठ लोक कलाकार एवं संस्कृतिकर्मी मौजूद रहे। बैठक में संस्कृति निदेशालय में पंजीकृत नए सांस्कृतिक दलों के दल-नेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कुमाऊँ महोत्सव-2026 के सफल आयोजन के लिए महोत्सव अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी तथा भारत सरकार के ‘लोक कलाकार साधक सम्मान’ से सम्मानित वरिष्ठ लोक कलाकार प्रकाश बिष्ट का अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोक कलाकारों के हितों की रक्षा के लिए सभी सांस्कृतिक संगठनों और कलाकारों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित लोक कलाकारों के मानदेय में वृद्धि को शीघ्र लागू करने, संस्कृति विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के लंबित भुगतान जारी करने, लोक कलाकार पेंशन योजना को प्रभावी बनाने तथा कलाकारों पर लागू जीएसटी से उत्पन्न व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। इसके अलावा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा आयोजित ऑडिशनों की वैधता अवधि तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने तथा लोक कलाकारों के मानदेय में वृद्धि की मांग पर भी सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में त्रिभुवन गिरी ने कहा कि लोक कलाकारों और संस्कृतिकर्मियों को अपने अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर प्रयास करने होंगे। बैठक का संचालन ललित बिष्ट ने किया। इस अवसर पर नीरज कुमार, अमर बोरा, कुंवर राज, भावना कठैत, दयानंद कठैत, अमित भट्ट, राजेंद्र तिवारी, सगुन त्यागी, चंदन कुमार, आदित्य पांडे सहित बड़ी संख्या में लोक कलाकार, संस्कृतिकर्मी और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
