
अल्मोड़ा। ऑपरेशन मर्यादा के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और न्यूशैंस फैलाने वालों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में कोतवाली चौखुटिया और थाना दन्या पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोतवाली चौखुटिया पुलिस ने ग्राम पैली टोईया में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वहीं थाना दन्या पुलिस ने सड़क किनारे सार्वजनिक स्थान पर वाहन खड़ा कर शराब का सेवन करते हुए न्यूशैंस फैलाने वाले छह लोगों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। अल्मोड़ा पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध ऑपरेशन मर्यादा के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

