
अल्मोड़ा। सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए लंबित गणना प्रपत्रों को जल्द एकत्र करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और प्राप्त सभी भरे हुए प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी विधानसभाओं में कुल 5,27,424 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 57,548 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अब तक प्राप्त नहीं हुए हैं। यह कुल मतदाताओं का 10.91 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले सभी लंबित गणना प्रपत्र एकत्र करना जरूरी है। इसके लिए संबंधित बूथों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर मतदाताओं से संपर्क किया जाए, ताकि उन्हें बाद में नोटिस जैसी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ लेवल एजेंटों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित गणना प्रपत्रों को युद्धस्तर पर एकत्र करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
