
बागेश्वर(आरएनएस)। कमस्यारघाटी की लाइफ लाइन मानी जाने वाली कांडा-रावतसेरा-बांसपटान मोटर मार्ग पर हाल ही में कराया गया डामरीकरण उखड़ने लगा है। सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने पर विधायक सुरेश गड़िया ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी से जांच कराने की मांग की है। शुक्रवार शाम क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे विधायक ने कहा कि डामरीकरण के कुछ ही समय बाद सड़क का उखड़ना गंभीर लापरवाही का परिचायक है और इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाने तथा निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का वेतन रोकने की मांग की है। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता के धन का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कमस्यार घाटी की यह सड़क हजारों लोगों की जीवनरेखा है, इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक के निर्देशों के बाद क्षेत्रवासियों ने भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि गुणवत्ता पूर्ण निर्माण से ही लोगों को सुरक्षित और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सकेगी।
