
पिथौरागढ़(आरएनएस)। डीएम आशीष कुमार भटगांई ने नशामुक्ति केंद्र की स्थापना हेतु भूमि चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आदेश दिए हैं। एनसीओआरडी व राजस्व-पुलिस समन्वय बैठक में नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित चेकिंग और संयुक्त अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि मेडिकल स्टोर्स पर प्रतिबंधित व नशीली दवाओं की बिक्री की जांच, प्रिस्क्रिप्शन रिकॉर्ड के सत्यापन और अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है,संगठित नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्त जनपद बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, विभागों और आमजन का सहयोग जरूरी है। विद्यालयों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान, छात्र-परामर्श, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए।
