
कोटद्वार(आरएनएस)। कालागढ़ के पावर हाउस ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में नया रिकार्ड बनाया है। जून का महीना खत्म होने में अभी पांच दिन शेष हैं और पावर हाउस ने लक्ष्य से 23.27 लाख यूनिट अधिक बिजली का उत्पादन कर लिया है। कालागढ़ की रामगंगा बांध परियोजना का विद्युत गृह बिजली उत्पादन के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पावर हाउस को जून में साढ़े तीन करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य मिला था। 1960 के दशक में बनी रामगंगा बांध परियोजना का जलविद्युत गृह प्रथम बार 1974 में बिजली उत्पादन के लिए तैयार किया गया था। 52 वर्ष से कालागढ़ से बनी बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड में दिया जा रहा है। मानसून के दौरान 15 जून से 15 अक्तूबर तक पानी का भंडारण कालागढ़ के जलाशय में किया जाता है। इस दौरान बांध व जल विद्युत गृह के अनुरक्षण कार्य किए जाते हैं। उत्तर प्रदेश की रामगंगा बांध परियोजना जहां मैदानी इलाकों में सिंचाई के लिए पानी देती है वहीं विद्युत गृह बिजली का उत्पादन करता है। कालागढ़ से जनपद बिजनौर के शेरकोट व अफजलगढ़ के अलावा कुमाऊं के जसपुर व रामनगर के फीडर भी रोशन किए जाते हैं। महाप्रबंधक संजय पटेल के अनुसार कालागढ़ के जलविद्युत गृह को पूरे वर्ष के लिए 27 करोड़ 70 लाख यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य मिला है। अप्रैल से अभी तक 13 करोड़ 64 लाख यूनिट बिजली बनाई जा चुकी है। सफलतापूर्वक बिजली उत्पादन जारी है।
