
रुद्रपुर(आरएनएस)। एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जो बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है। शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने पुलिस बल की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनविश्वास बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान या सार्वजनिक स्थानों पर शराब अथवा किसी भी प्रकार का नशा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे की हालत में ड्यूटी करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराधियों, माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। साथ ही बाहरी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस का परीक्षण भी किया गया। एसएसपी ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य कर सकता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
