
हरिद्वार(आरएनएस)। पतंजलि विश्वविद्यालय में बुधवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान’ का शुभारंभ किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह अभियान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और पतंजलि विश्वविद्यालय के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम में प्रेरणास्रोत के रूप में योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, साध्वी देवप्रिया तथा प्रति-कुलपति प्रो. मयंक अग्रवाल के मार्गदर्शन का उल्लेख किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. केएनएस यादव, कुलसचिव डॉ. दीपेश सक्सेना, उप-कुलसचिव डॉ. निर्विकार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एके सिंह सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, निदेशक, प्राध्यापक, शोधार्थी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
