
विकासनगर(आरएनएस)। स्वारना नदी क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध खनन को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खनन माफिया नियम-कायदों को ताक पर रखकर न सिर्फ अवैध खनन कर रहे हैं, बल्कि नाबालिग बच्चों से खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर भी चलवाए जा रहे हैं। जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है। लोगों ने पुलिस, परिवहन और श्रम विभाग से कार्रवाई की मांग की है।सेलाकुई के स्वारना नदी में जमकर अवैध खनन हो गया है। यह अवैध खनन पुलिस और प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। लोगों की ओर से कई बार शिकायत के बाद भी पुलिस और जिला प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। स्थानीय निवासी सतीश कुमार, उमेश रावत, पंकज श्रीवास्तव, इंद्रजीत, शिव कुमार, योगेंद्र ने बताया कि अवैध खनन तो हो ही रहा है। बहादरपुर नाबालिग बच्चे तेज रफ्तार से अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर चला रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह नाबालिगों से भारी वाहन चलवाना सीधे तौर पर श्रम कानूनों और यातायात नियमों का उल्लंघन है। साथ ही बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन प्रशासनिक लापरवाही और नियमों की अनदेखी को भी उजागर करता है। कहा कि खनन गतिविधियों का कई बार विरोध किया जा चुका है, लेकिन खनन से जुड़े लोग किसी की सुनने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन, नाबालिगों से वाहन चलवाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
