
रुद्रपुर(आरएनएस)। रुद्रपुर की मलिक कॉलोनी में शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पर सोए एक मजदूर का हाथ गुजरती ट्रेन की चपेट में आकर कट गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान 64 वर्षीय नंदा दास पुत्र हीरू दास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दीनबंधु नगर रोड, बोनगांव का निवासी है। वर्तमान में रुद्रपुर स्थित त्रिमूर्ति प्लाइवुड फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन कार्यरत है। जानकारी के अनुसार, नंदा दास शराब पीने का आदी है। रविवार रात वह नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर सो गया। इसी दौरान उसका एक हाथ पटरी पर आ गया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उसका हाथ कट गया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय पार्षद पति सचिन मुंज्याल समेत अन्य लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने बताया कि जिला अस्पताल में ऑर्थो सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस को दिनेशपुर से पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया, जिससे घायल का काफी खून बह गया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। मदद करने वालों में आमिर खान, हैप्पी रंधावा, पुलिस और अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।
