
बागेश्वर(आरएनएस)। कपकोट थाना क्षेत्र के भराड़ी में किराये के मकान में रह रहे एक पोस्टमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय चंदन सिंह हरकोटिया पुत्र तारा सिंह, निवासी चौड़ा (हरकोट-सूपी), पोस्ट लोहारखेत के रूप में हुई है। वह डाक विभाग में सुमगढ़ में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे और भराड़ी बाजार में किराये के कमरे में रहते थे। गर्मी की छुट्टियों के चलते उनकी पत्नी और बच्चे तीन दिन पहले गांव गए हुए थे, जबकि वह कमरे में अकेले रह रहे थे।
दो दिनों तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उनका शव चारपाई के नीचे पड़ा मिला। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मृतक किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
