
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में साधु-संतों का वेश धारण कर लोगों को गुमराह करने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 21 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान शहर क्षेत्र में साधु-संतों के वेश में घूम रहे कई लोगों की जांच की गई। पूछताछ के दौरान 21 व्यक्ति अपनी गतिविधियों के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। संदिग्ध परिस्थितियों और गतिविधियों को देखते हुए सभी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि कुछ लोग धार्मिक आस्था का लाभ उठाने और आमजन को भ्रमित करने के उद्देश्य से साधु-संतों का भेष धारण कर रहे थे। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
