
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा अल्मोड़ा द्वारा ‘कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और भोजन में तेल के सीमित उपयोग के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिला सहकारी बैंक के निवर्तमान अध्यक्ष ललित लटवाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मीडिया प्रभारी मनीष जोशी और उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अत्यधिक तेल का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने लोगों से संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में जन-जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमला तिवारी ने कहा कि यह अभियान लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने महिलाओं से रसोई में तेल के सीमित उपयोग को अपनाने तथा परिवार के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव होता है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और नागरिकों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई तथा इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर दीपा पांडे, ममता शाह, प्रीति रस्तोगी, मीरा बिष्ट, रेखा बिष्ट, दीपा अधिकारी सहित अनेक महिला कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।


