
देहरादून(आरएनएस)। सुराज सेवा दल ने हरिद्वार नगर निगम घोटाले में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई। बुधवार को दल का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन से मिला। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने मुख्य सचिव को बताया कि इस मामले में एक ही दिन में कानूनगो एवं पटवारी की रिपोर्ट लगाकर दो आईएएस तथा एक पीसीएस अधिकारी को निलंबित किया गया। जबकि अन्य कर्मचारियों का स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण कर दिया गया। इसके बावजूद संबंधित कानूनगो के विरुद्ध कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कानूनगो पर पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं, फिर भी उसे संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। सुराज सेवा दल के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि हरिद्वार में भी भूमि घोटाले का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है, जिसमें मुरली नामक व्यक्ति की भूमि को कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बेच दिया गया। आरोप है कि मूलचंद नामक व्यक्ति को मुरली दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई।सुराज सेवा दल ने मांग की है कि कानूनगो की सभी दाखिल-खारिज मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
