
अल्मोड़ा। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई अग्निकांड की घटना के बाद अल्मोड़ा अग्निशमन विभाग ने शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान माउंटेन पैराडाइज (एनटीडी), द अल्पाइन होटल, मात्रोस्का होमस्टे उपरशैली, फ्रेंड्स रेस्टोरेंट एंड बार, पीतांबर होटल, आईसीआईसीआई बैंक, पांडे गेस्ट हाउस एंड रेस्टोरेंट, एमिगोस रेस्टोरेंट तथा किवी गेस्ट हाउस सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, आपातकालीन निकास व्यवस्था, विद्युत कनेक्शनों की सुरक्षा तथा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) की जांच की। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों के संचालकों और कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के संचालन और आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई। अग्निशमन विभाग ने कहा कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
