
अल्मोड़ा। माल रोड के डामरीकरण कार्य में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग और सरकार पर नाराजगी जताई है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि दो माह पूर्व भाजपा नेताओं और विभागीय अधिकारियों ने माल रोड के लिए हॉटमिक्स टेंडर होने तथा जल्द कार्य शुरू होने की बात कही थी, लेकिन अब तक सड़क पर डामरीकरण का काम शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि माल रोड में कलवर्ट निर्माण का कार्य भी करीब 15 दिन पहले पूरा हो चुका है, इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर हॉटमिक्स से डामरीकरण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता का घेराव करेंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि माल रोड नगर की प्रमुख और व्यस्ततम सड़कों में शामिल है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में धरना-प्रदर्शन कर विभाग को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन आश्वासनों के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बरसात शुरू होने के बावजूद सड़क निर्माण को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पार्टी ने मांग की कि जनहित को देखते हुए माल रोड के डामरीकरण का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, अन्यथा व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
