
हरिद्वार(आरएनएस)। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा-2025 के परीक्षा कैलेंडर में कथित विसंगतियों और असमान तैयारी अवधि को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को इंडियन यूथ कांग्रेस उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग कार्यालय पहुंचकर मुख्य परीक्षा संचालक जयवर्धन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। फिजिक्स और सिविक्स विषय की परीक्षाओं के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि आयोग ने विभिन्न विषयों की परीक्षा तिथियां अलग-अलग चरणों में घोषित कर अभ्यर्थियों को असमंजस की स्थिति में डाल दिया है। कुछ विषयों को तैयारी के लिए चार से साढ़े चार माह का समय मिला, जबकि अन्य विषयों के अभ्यर्थियों को लगभग एक वर्ष का अवसर प्राप्त हो रहा है उन्होंने इसे समान अवसर के सिद्धांत के विपरीत बताया। ज्ञापन में कहा गया कि फिजिक्स विषय की परीक्षाएं पहले स्थगित की गईं और बाद में अचानक मात्र दस दिन के भीतर नई तिथि घोषित कर दी गई। इससे विशेष रूप से पर्वतीय जिलों पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, मुनस्यारी और रुद्रप्रयाग के अभ्यर्थियों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि परीक्षाओं को बरसात के बाद सितंबर माह में आयोजित किया जाए। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आयोग के निर्णयों से अभ्यर्थियों का समय और संसाधन व्यर्थ हुए हैं तथा राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हुई है। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया, धनीराम शर्मा, अभिषेक शर्मा (अध्यक्ष बेरोजगार संघ), विवेक, सोनू, अनिल, सागर कुमार, अभिषेक, आशीष बिष्ट, विक्रम सिंह, पंकज, सागर सिंह, योगी पहाड़ी, नूपुर, पूजा शर्मा और शुभम चौधरी सहित अनेक छात्र व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
