
अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित सभागार में ‘मानव तस्करी’ विषय पर अधिकार मित्रों की मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों के अधिकार मित्रों ने कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनामिका सिंह ने अधिकार मित्रों के मई माह के कार्यों की समीक्षा की तथा जून माह की कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्थायी लोक अदालत के लाभों और उसके महत्व की भी जानकारी दी। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनुराग साह ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बाल कल्याण समिति की सदस्य नीतू कपकोटी ने मानव तस्करी, पीड़ितों के पुनर्वास और इससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। वहीं बाल संरक्षण अधिकारी कमला कोश्यारी ने अनाथ प्रमाण पत्र और बाल श्रम से संबंधित प्रावधानों की जानकारी साझा की। पैनल अधिवक्ता इमरोज खान, मनोज सिंह बृजवाल और प्रेम राम आर्य ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, निःशुल्क विधिक सहायता तथा मानव तस्करी के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में अधिकार मित्रों को जागरूकता और विधिक सहायता से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण भी दिया गया।
