
अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र में नशे की लत से परेशान एक परिवार की मदद करते हुए पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर उसे उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस की इस पहल पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। जानकारी के अनुसार डायल-112 के माध्यम से बग्वालीपोखर निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनका पुत्र नशे का आदी है और आए दिन घर में विवाद तथा मारपीट करता है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार युवक लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था, जिससे उसके वृद्ध माता-पिता काफी परेशान थे। पुलिस टीम ने युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा उसे सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद परिजनों की सहमति से युवक को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस की इस मानवीय पहल पर बुजुर्ग माता-पिता ने आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक ओर जहां मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशे की गिरफ्त में आए लोगों की काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
