
रुड़की(आरएनएस)। एक युवक के परिचित ने चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से करीब ढाई लाख रुपये की रकम निकाल ली। युवक ने परिचित से रुपये वापस करने की बात कही तो उसने इन्कार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन रोड निवासी अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक परिचित से उसका लेनदेन चलता है। परिचित अक्सर उसके घर और कार्यालय पर आता-जाता रहता है। कुछ दिन पहले युवक उसके कार्यालय पर आया था। इस बीच युवक ने उसकी चेकबुक से एक चेक चोरी कर लिया और फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से करीब ढाई लाख रुपये की रकम निकाल ली। बताया कि रकम निकालने की जानकारी तब हुई जब बैंक से उसके पास खाते से रुपये निकालने के संबंध में मैसेज आया। उसने बैंक पहुंचकर मामले की जानकारी ली तो परिचित की कारगुजारी पता चली। युवक ने बताया कि परिचित से रकम वापस करने की बात की तो उसने इन्कार कर दिया। युवक ने बताया कि परिचित के परिजनों ने भी रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया है। युवक ने पुलिस से मामले में रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही खाते से रुपये निकालने वाले युवक के परिचित को भी पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी की जा रही है।
