
किसानों की आय बढ़ाने के लिए 200 करोड़ का प्रावधान, अल्मोड़ा में छह करोड़ की तारबाड़ योजना की घोषणा
अल्मोड़ा। हवालबाग में आयोजित राज्य स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन बनता जा रहा है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा पारंपरिक फसलों के संरक्षण की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि देश की शक्ति हैं। उन्होंने किसानों से नियमित मिट्टी परीक्षण, जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार बागवानी, पॉलीहाउस, फलोत्पादन, कोल्ड स्टोरेज, मेगा फूड पार्क और सुगंधित फसलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। प्रदेश में लगभग 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जबकि मोटे अनाजों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दौरान उन्होंने अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के तहत लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा की। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कृषि संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, विधायक सल्ट महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, मेयर अजय वर्मा, कृषि सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनता मौजूद रहे।
