

अल्मोड़ा। जनपद की युवा खिलाड़ी कृतिका शर्मा ने 13वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत पूमसे स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अल्मोड़ा और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 29 से 31 मई तक आईजीआई स्टेडियम, गोलापार (हल्द्वानी) में आयोजित की गई। कृतिका शर्मा, दीपक शर्मा की पुत्री हैं और वर्तमान में तव अकादमी में कक्षा आठ की छात्रा हैं। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से पुलिस लाइन स्थित के-टाइगर्स ताइक्वांडो अकादमी में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। कृतिका की प्रशिक्षक कनिष्का भंडारी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता, थर्ड डिग्री ब्लैक बेल्ट धारक और तीलू रौतेली राज्य स्तरीय शक्ति पुरस्कार से सम्मानित ताइक्वांडो कोच हैं। उनके मार्गदर्शन में कृतिका ने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की। अपनी सफलता पर कृतिका ने इसका श्रेय अपने माता-पिता और कोच कनिष्का भंडारी को देते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन से ही वह यह पदक जीतने में सफल हुई हैं। कृतिका की उपलब्धि पर ताइक्वांडो कोच विक्रम भंडारी, वंदना भंडारी, कमल जोशी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों, सहपाठियों तथा खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।



