
अल्मोड़ा। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है। जिला पूर्ति अधिकारी करूणा पंत ने बताया कि पात्र व्यक्ति स्मार्ट पीडीएस 2.0 पोर्टल के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करते समय सत्यापित जांच पत्र, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतियां, आय प्रमाण पत्र, मुखिया का पैन कार्ड, बैंक पासबुक, परिवार रजिस्टर, सभी सदस्यों एवं परिवार का फोटो, 18 वर्ष से कम आयु के सदस्यों के जन्म प्रमाण पत्र, बिजली बिल तथा गैस बुक की प्रतियां संलग्न करनी होंगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड का सत्यापन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा। राशन कार्ड को एक दुकान से दूसरी दुकान में स्थानांतरित कराने के लिए प्रार्थना पत्र, बिजली बिल, गैस पासबुक और बैंक पासबुक की प्रतियां आवश्यक होंगी। राशन कार्ड में नए सदस्य का नाम जोड़ने के लिए राशन कार्ड की प्रति, परिवार रजिस्टर, सदस्य का आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा 18 वर्ष से अधिक आयु होने पर आय प्रमाण पत्र की प्रति देनी होगी। 18 वर्ष से कम आयु के सदस्यों के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रहेगा। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड से संबंधित सभी कार्य आवेदक स्वयं या जन सेवा केंद्र के माध्यम से करा सकते हैं।
