
अल्मोड़ा। छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से बालिका विद्या मंदिर जीवनधाम में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कन्या भारती का गठन किया गया। प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में गोपनीय मतदान और निष्पक्ष निर्वाचन के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव में जिज्ञासा अधिकारी को कन्या भारती का प्रधानमंत्री तथा संजना टम्टा को सेनापति चुना गया। वहीं कृतिका जोशी अनुशासन प्रमुख निर्वाचित हुईं। इसके अलावा विज्ञान, खेलकूद, साज-सज्जा, बालिका शिक्षा, भोजन एवं जल, चिकित्सा, कंप्यूटर, पुस्तकालय, बागवानी और उत्सव सहित विभिन्न विभागों का भी गठन किया गया। कन्या भारती के गठन की प्रक्रिया में विभागाचार्या भगवती खोलिया, स्मिता जोशी और लता पांडेय ने सहयोग दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या गोदावरी चतुर्वेदी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है और ऐसी प्रक्रियाएं छात्राओं को संविधान तथा लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को समझने और आत्मसात करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कन्या भारती के चुनाव को लेकर छात्राओं में दिखाई दिए उत्साह की सराहना करते हुए इसे नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
