
अल्मोड़ा। सल्ट पुलिस ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज देवायल सल्ट में जन-जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं, स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों को साइबर अपराधों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंक डिटेल साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया हैकिंग, संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी तथा फर्जी लोन और इनाम के झांसे जैसे साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी। लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध साइबर घटनाओं की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने युवाओं और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी। बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर असर डालता है। लोगों से नशे से दूर रहने और आसपास किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

