
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस की ओर से शनिवार को स्प्रिंग डेल्स स्कूल, धारानौला में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, बाल अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पांडे और यातायात पुलिस टीम ने बच्चों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यातायात संकेतों का पालन करने, सड़क पार करते समय सतर्क रहने, स्कूल बस रुकने के बाद ही चढ़ने-उतरने और बस की खिड़की से हाथ या सिर बाहर न निकालने की सलाह दी गई। इसके अलावा दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के उपयोग के महत्व की जानकारी दी गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इस दौरान बच्चों को बाल अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अभिभावकों और शिक्षकों की सलाह का पालन करते हुए अनुशासित और सुरक्षित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

