
देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार को रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां एक बेटा अपने बीमार बुजुर्ग पिता को अस्पताल के स्ट्रेचर पर ही लावारिस छोड़कर चला गया। गढ़ी कैंट निवासी सुरेश को उनका बेटा शुक्रवार सुबह इलाज के लिए दून अस्पताल लेकर पहुंचा था। डॉक्टरों ने एक्स-रे और अन्य जरूरी जांच के बाद उनकी हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। पिता को भर्ती करने की बात सुनते ही बेटा उन्हें वहीं स्ट्रेचर पर छोड़कर चुपचाप वहां से खिसक गया।बेबस पिता करीब तीन घंटे तक उसी स्ट्रेचर पर लेटे बेटे की राह ताकते रहे। काफी देर बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने पूछताछ कर परिजनों को फोन मिलाया, तब जाकर बेटे की इस करतूत का पता चला। सुरेश ने बताया कि उनकी पत्नी उर्मिला एक स्कूल में सुरक्षाकर्मी हैं। बाद में स्कूल की छुट्टी होने पर पत्नी अस्पताल पहुंचीं और अपने पति को वापस घर ले गईं।

