
अल्मोड़ा(आरएनएस)। फायर स्टेशन रानीखेत की ओर से जीआईसी द्वाराहाट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव, वनाग्नि तथा एलपीजी गैस सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणेश चंद्र ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में बताया। इस दौरान प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। फायर सर्विस टीम ने विद्यार्थियों को फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन और उपयोग की विधि समझाते हुए आग पर नियंत्रण पाने का अभ्यास कराया। साथ ही जंगलों में आग लगने की घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने पर किए जाने वाले बचाव उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना है।

