
अल्मोड़ा। जंगलों में लगातार लग रही आग और बढ़ती अराजक गतिविधियों को लेकर रेड क्रॉस अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और प्रभागीय वनाधिकारी सिविल सोयम अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्वास्थ्य समिति रेड क्रॉस अल्मोड़ा के अध्यक्ष जे.सी. दुर्गापाल ने किया। ज्ञापन में कहा गया कि सिटोली, पांडेखोला, स्यालीधार, कसारदेवी, पपरशैली, कालीमठ, घनेली और कफड़खान रोड समेत कई क्षेत्रों में अराजक तत्वों द्वारा जंगलों में आग लगाई जा रही है। इससे बड़ी संख्या में पेड़ जलकर गिर रहे हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि घनेली गांव में आग की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो चुकी है। साथ ही जंगलों में आग लगने के कारण गुलदार जैसे हिंसक वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ज्ञापन में जंगलों में फैले पिरूल के निस्तारण की मांग भी उठाई गई। कहा गया कि सड़क किनारे जमा पिरूल के कारण मोटर वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को फिसलन का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क किनारे जमा पिरूल को तत्काल हटाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में चंद्रमणि भट्ट और गोविंद बल्लभ जोशी भी शामिल रहे।

