
अल्मोड़ा। सल्ट क्षेत्र के तड़म गांव में वन्यजीव के हमले में जान गंवाने वाले महिपाल सिंह के परिवार के प्रति मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर महिपाल सिंह की पत्नी दीपा देवी से बातचीत कर दुख साझा किया और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को भी कहा गया है।

