
अल्मोड़ा। देवलीखेत जीआईसी के पीछे जंगल में मंगलवार सुबह लगी आग पर फायर सर्विस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समय रहते काबू पा लिया। आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में खतरा पैदा होने लगा था। फायर स्टेशन को सुबह करीब 6 बजे जंगल में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर सर्विस की टीम आवश्यक उपकरणों और वाहन के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि जीआईसी देवलीखेत के पीछे जंगल क्षेत्र में आग तेजी से फैल रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और एमएफई मॉनिटर ब्रांच तथा फायर वाहन की मदद से लगातार पानी की बौछार कर आग को चारों ओर से नियंत्रित किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास के जंगलों और अन्य क्षेत्रों तक नहीं फैल सकी और बड़ा नुकसान टल गया। कार्रवाई में एलएफएम संदीप सिंह, डीवीआर राजकुमार, एफएम देवेंद्र सिंह और डब्ल्यूएफएम प्रियंका राणा शामिल रहे।

