

अल्मोड़ा। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, नशा तस्करी रोकने और किरायेदार सत्यापन को लेकर विशेष जोर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चंद्र जोशी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी ने अपने-अपने क्षेत्रों के ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में ग्राम प्रहरियों को अपराध गोष्ठी में दिए गए निर्देशों की जानकारी दी गई। उन्हें गांव स्तर पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने नशा तस्करी और अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए ग्राम स्तर पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। ग्राम प्रहरियों से कहा गया कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बैठक में बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने को भी कहा गया। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने संबंधी जानकारी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण तैयार करने में सहयोग की अपील की।

