

हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल क्षेत्र में दो दिन पहले युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में मृतक की बहन ने मैनपुरी निवासी युवती पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को परिजनों ने कनखल कोतवाली में शिकायत देकर युवती के खिलाफ केस दर्ज कराया है। शिकायत में दावा किया गया है कि आत्महत्या से पहले युवक ने अपनी बहन को मैसेज कर मानसिक प्रताड़ना से परेशान होने की बात कही थी। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी युवती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आनंदधाम कॉलोनी, जगजीतपुर निवासी जूनू ने शिकायत कर बताया कि उसके भाई विशाल पोखरियाल का पिछले आठ-नौ महीनों से निकेश सिसोदिया निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश से संपर्क था। शुरुआत में दोनों के संबंध सामान्य थे, लेकिन बाद में युवती विशाल पर मानसिक दबाव बनाने लगी। आरोप लगाया कि युवती पहले दिल्ली में रहती थी। वहां विवाद और नौकरी संबंधी परेशानियों के बाद उसने विशाल से मदद मांगी। विशाल ने उसे हरिद्वार में रहने की व्यवस्था कराई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद निकेश सिसोदिया लगातार विशाल को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी। वह छोटी-छोटी बातों पर आत्महत्या करने, हाथ काटने और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती थी।

