

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और निर्धारित मानकों के अनुपालन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी नियमित जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव तथा अभिलेखों के अद्यतन संधारण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस में प्रवेश और निकास व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। इस दौरान लॉक सिस्टम और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को संतोषजनक पाया गया। जिलाधिकारी ने सुरक्षा में तैनात कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उनके रहने तथा अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर रवि शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

