

बागेश्वर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लैब्स को सीज कर दिया। साथ ही प्रत्येक लैब पर 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह कार्रवाई महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित मिश्रा के नेतृत्व में गुरुवार को की गई। निरीक्षण के दौरान मां भगवती लैब, शिवम पैथोलॉजी लैब और कालिका लैब में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
जांच में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण मानकों और क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट से संबंधित आवश्यक पंजीकरण दस्तावेजों में खामियां मिलीं। कई जांच रिपोर्टों में पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर भी नहीं पाए गए, जिसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
इन अनियमितताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत तीनों लैब्स को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया और प्रत्येक पर 2.50 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया।
वहीं, चंदन डायग्नोस्टिक लैब में भी कुछ कमियां मिलने पर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण अभियान में तहसीलदार बागेश्वर, जिला क्षय रोग अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और चिकित्सा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

