
देहरादून (आरएनएस)। परिजनों से नाराज होकर दिल्ली से देहरादून पहुंचीं तीन नाबालिग सगी बहनों को दून पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि रिस्पना पुल के पास तीन नाबालिग बच्चियों के लावारिस हालत में घूमने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही महिला पुलिस और चीता पुलिसकर्मियों ने तलाश अभियान शुरू किया और तीनों को विधानसभा तिराहे के पास से बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे सगी बहनें हैं और दिल्ली के अनाजमंडी क्षेत्र की रहने वाली हैं। वे परिजनों से नाराज होकर घर से निकल आई थीं। पुलिस ने तत्काल दिल्ली के सदर बाजार थाने से संपर्क किया, जहां तीनों की गुमशुदगी दर्ज होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों को देहरादून बुलाया और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों बहनों को सकुशल उनके हवाले कर दिया।

