
अल्मोड़ा। जनपद के तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नवसृजित मदिरा दुकानों को बंद करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन के इस फैसले को स्थानीय स्तर पर जनहित से जुड़ा कदम माना जा रहा है।
जिलाधिकारी के निर्णय के अनुसार सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दौलाघट स्थित विदेशी मदिरा दुकान, द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के तिपोला एवं खेड़ा स्थित विदेशी मदिरा दुकानें तथा रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के पातली स्थित देशी मदिरा दुकान को आगामी वित्तीय वर्ष से बंद किया जाएगा। इन दुकानों को हाल ही में सृजित किया गया था, जिनको लेकर विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर आपत्तियां और जनभावनाएं सामने आ रही थीं।
प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से क्षेत्र में सामाजिक संतुलन बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों का समाधान करने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि इस निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि आगामी वित्तीय वर्ष से यह व्यवस्था लागू हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए संतुलित एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे निर्णय जनहित को प्राथमिकता देते हुए लिए जाते रहेंगे।

