
अल्मोड़ा। ऑपरेशन स्माइल टीम और महिला कोतवाली पुलिस ने घर से नाराज होकर निकली एक महिला और उसके चार माह के शिशु को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। इस कार्रवाई पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र बरामदगी के तहत बीती 23 मार्च को महिला कोतवाली पुलिस को एनडीटी क्षेत्र में एक महिला अपने शिशु के साथ भटकती हुई मिली। पुलिस ने दोनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला कोतवाली में सुरक्षित रखा। प्रभारी निरीक्षक जानकी भण्डारी के नेतृत्व में महिला से पूछताछ की गई, जिसमें उसने नाराज होकर घर छोड़ने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की जानकारी जुटाई और महिला की काउंसलिंग की। अगले दिन मंगलवार 24 मार्च को ऑपरेशन स्माइल टीम ने महिला और उसके शिशु को रानीखेत स्थित उनके घर पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान पुलिस की टीम में गणेश कुमार, मंजू आर्या और तुलसी गोस्वामी शामिल रहे।

